
Coconut Barfi Recipe: नारियल बर्फी खाते ही मुंह में एक अनूठी मिठास घुलने लगती है। स्वाद से भरपूर नारियल बर्फी किसी खास मौके के लिए एक परफेक्ट स्वीट डिश है। इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। नारियल बर्फी न सिर्फ टेस्ट में लाजवाब है, बल्कि इसे बनाने में भी ज्यादा वक्त नहीं लगता है। रक्षाबंधन के खास मौके के लिए आप नारियल बर्फी को आसानी से तैयार कर सकते हैं।
नारियल बर्फी की रेसिपी के लिए बहुत ज्यादा सामग्रियों की जरूरत नहीं पड़ती है। इसका टेस्ट बच्चे हों या बड़े सभी खूब पसंद करते हैं। आइए जानते हैं नारियल बर्फी बनाने की विधि।
नारियल बर्फी बनाने के लिए सामग्री
ताजा नारियल - 1
चीनी - 1 कप
दूध - 1 कप
घी - 2 टेबलस्पून
इलायची पाउडर - 1/4 चम्मच
बादाम (कटे हुए) - सजाने के लिए
नारियल बर्फी बनाने की विधि
नारियल बर्फी स्वाद से भरपूर एक स्वीट डिश है, जिसे बेहद आसानी से बनाकर खाया जा सकता है। नारियल बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले ताजे नारियल को कद्दूकस कर लें या बारीक पीस लें। इसके बाद एक कड़ाही में दूध डालकर मध्यम आंच पर उबाल लें। जब दूध आधा रह जाए तब इसे गैस से उतार लें। अब उबले हुए दूध में चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
इसे भी पढ़ें: तिल मुंगफली के लड्डू जानें बनाने के आसान तरीके
कुछ देर तक दूध में चीनी घोलने के बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर लगातार चलाते हुए पकाएं। मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक कि यह गाढ़ा न हो जाए और बर्तन के किनारे से अलग होने लगे। फिर गैस बंद कर दें और मिश्रण में घी और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
इसे भी पढ़ें: कलाकंद रेसिपी जानें बनाने का आसान तरीका से
नारियल बर्फी के लिए मिश्रण बनकर तैयार हो चुका है। एक थाली या ट्रे में अब देसी घी लगाकर उसे चिकना करें। इसके बाद मिश्रण को इसमें निकालकर फैला दें। ध्यान रखें कि मिश्रण समान अनुपात में ही फैलाना है। इसके बाद ऊपर से कटे हुए बादाम से सजाएं। जब मिश्रण पूरी तरह से ठंडा हो जाए तो इसे मनचाहे आकार में काट लें। स्वादिष्ट नारियल बर्फी सर्व करने के लिए तैयार हो चुकी है।